रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों के लिए शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र के अनुसार, रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और वज्रपात होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार काफी तेज रहने की उम्मीद है, जो 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विभाग ने इससे पहले शुक्रवार को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती हिस्सों के लिए इसी तरह का अलर्ट जारी किया था। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य के कई हिस्सों में मध्यम दर्जे की वर्षा हुई है, जिसमें हजारीबाग का कोनार डीवीसी क्षेत्र सर्वाधिक प्रभावित रहा और वहां 43.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही, हालांकि दोपहर के समय मौसम साफ रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का अहसास हुआ।
तापमान के मोर्चे पर पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके उलट रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। अन्य शहरों की स्थिति देखें तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री, चाईबासा में 36.2 डिग्री और बोकारो में 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



