रांची। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के ऐतिहासिक रुझानों ने राज्य की राजनीतिक दिशा बदल दी है। भाजपा को मिलते भारी बहुमत के बीच पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में इसे बंगाल के लिए ‘दूसरी आजादी’ करार दिया है।

बाउरी ने कहा कि आजादी के 77 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की इस पावन जन्मभूमि पर कमल (पद्मफूल) खिलने जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने एक ‘अद्भुत जनादेश’ दिया है।

ममता सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, “बंगाल के जांबाज कार्यकर्ताओं ने अपने अथक परिश्रम से अहंकारी ममता दीदी की सरकार को उखाड़ फेंका है। यह चुनाव किसी सामान्य निर्वाचन की तरह नहीं, बल्कि एक स्वतंत्रता आंदोलन की तरह लड़ा गया था।” बाउरी के अनुसार, राज्य में व्याप्त भय का माहौल अब समाप्त हो रहा है और बंगाल का हर नागरिक आज खुद को स्वतंत्र महसूस कर रहा है। रुझानों के अनुसार, बंगाल में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने की राह पूरी तरह साफ हो गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version