खूंटी। हजारीबाग जिले में दिनदहाड़े हुई बैंक लूट की घटना को देखते हुए खूंटी पुलिस ने जिले के सभी बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बीते सप्ताह “ऑपरेशन सतर्क” के तहत जिले के कुल 55 बैंकों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट किया गया। पुलिस की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि ऑडिट के दौरान पुलिस टीम ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड, अलार्म सिस्टम तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा मानकों के पालन की भी समीक्षा की।

जांच के क्रम में जिन बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था में कमी पाई गई, वहां संबंधित शाखा प्रबंधकों को आवश्यक सुधार जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बैंक ग्राहकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा आगे भी इस तरह का जांच अभियान जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में गत 24 अप्रैल को करोड़ों रुपये की सोना और कैश की लूट हुई थी। इस मामले में झारखंड पुलिस ने यूपी एसटीएफ के साथ मिलकर अंतरराज्यीय बैंक लुटेरा गैंग के तीनआरोपितों को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से करीब एक किलो सोना, 20 लाख रुपये नकद, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version