सीवान। सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 पुड़िया स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जिशान के रूप में हुई है, जो बड़हरिया थाना क्षेत्र के सफी छपरा गांव निवासी निजामुद्दीन साह का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 44.70 ग्राम स्मैक बरामद की है। साथ ही मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भलूआ कच्ची नहर रोड पर एक युवक स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस बल की सतर्कता और तत्परता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम मो. जिशान बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 102 पुड़िया स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त स्मैक का कुल वजन 44.70 ग्राम है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके में लगातार बढ़ते नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version