रांची। पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ आते ही सुवेंदु अधिकारी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से अपना नेता स्वीकार किया गया। इस चयन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंच पर सुवेंदु अधिकारी को माला पहनाकर और गले लगाकर उन्हें बधाई दी। अमित शाह ने ही आधिकारिक तौर पर उनके नाम की घोषणा की, जिसके बाद पार्टी कार्यकतार्ओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी कल सुबह 10 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के कई दिग्गज नेताओं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
सुवेंदु अधिकारी की यह जीत व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर बड़ी मानी जा रही है। उन्होंने इस चुनाव में निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर से करारी शिकस्त दी है। इसके अतिरिक्त, सुवेंदु ने नंदीग्राम सीट से भी लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है, जहां से उन्होंने 2021 के चुनाव में भी ममता बनर्जी को हराया था। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत हासिल की है, जिसके बाद अब राज्य में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नई सरकार के गठन को बंगाल की राजनीति में ‘परिवर्तन’ के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।



