रांची। शनिवार को राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित शनि मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार ने बड़ा हादसा कर दिया। कार अचानक बेकाबू होकर सड़क पर चल रहे लोगों में जा घुसी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस वक्त वहां काफी भीड़ थी और काले रंग की कार ने तेज रफ्तार में कई राहगीरों को चपेट में ले लिया।
इस भीषण हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को रांची सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।
हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोगों में गुस्सा देखा गया। चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन भीड़ के गुस्से से बचने के लिए सीधे चुटिया थाना जाकर पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

