नई दिल्ली: अब पेट्रोल पंप पर आपको हर रोज पेट्रोल और डीजल खरीदने के लिए अलग अलग कीमत चुकानी होंगी। सरकार पेट्रोल और डीजल पर डायनैमिक रेट लागू करने जा रही है। नए नियमों के तहत अब पेट्रोल-डीजल के दामों में रोजाना बदलाव होगा।

ये नया फॉर्मूला 16 जून से लागू हो सकता है। अगले 1-2 दिन में इसका औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। इस मुद्दे को लेकर पेट्रोलियम मिनिस्ट्री की अहम बैठक हुई थी। इससे जुड़े पायलट प्रोजेक्ट की 5 शहरों में समीक्षा भी हुई है। ऐलान होने के बाद यह व्यवस्था देश के 40 हजार ऑटोमेटेड पेट्रोल पंपों पर शुरू हो जाएगी।

एक मई 2017 से देश के पांच शहरों से इसकी शुरुआत हुई थी। आदेश लागू करते समय सरकार ने कहा था कि धीरे-धीरे इसे पूरे देश में लागू कर दिया जाएगा। देश के कुल 58,000 पेट्रोल पंपों में से 95 प्रतिशत पेट्रोल पंप इन्हीं कंपनियों के हैं। इस योजना की शुरुआत दक्षिण भारत के पुडुचेरी और विझाग, पश्चिम में उदयपुर, पूरब में जमशेदपुर और उत्तर में चंडीगढ़ से हुई थी।

इन पांच शहरों को छोड़कर वर्तमान में सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियां महीने की पहली और 16 तारीख को ईंधन कीमतों में संशोधन करती हैं। कीमतों में यह संशोधन पिछले पखवाड़े के दौरान अंतरराष्ट्रीय मूल्यों और मुद्रा विनिमय दर के औसत मूल्य के आधार पर किया जाता है।

अब यह काम अंतरराष्ट्रीय बाजार के दैनिक मूल्यों के हिसाब से होगा। डॉलर-रुपये की विनिमय दर और कच्चे तेल के दाम में होने वाले दैनिक उतार-चढ़ाव के अनुरूप यहां भी दाम तय किए जाएंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version