रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि विकास विरोधी ताकतें राज्य में कानून-व्यवस्था को भंग करने के प्रयास में लगी हुई हैं। बच्चा चोरी की अफवाह आदि घटनाओं के पीछे राज्यद्रोही शक्तियां काम कर रही हैं। हमारे निर्दोष नागरिक मारे जा रहे हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करें। कितना भी बड़ा चेहरा हो, कार्रवाई करने से न हिचकें। उन्होंने कहा कि राज्य में अमन-शांति कायम रखने के लिए सरकार हरसंभव काम करेगी। अमन-शांति भंग होने की स्थिति में गरीब व्यक्ति सबसे ज्यादा प्रभावित होता है। सीएम बुधवार को झारखंड मंत्रालय में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।

राज्य औद्यौगिक सुरक्षा बल में युवाओं को मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तर्ज पर राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन किया गया है। इसमें राज्य के ज्यादा से ज्यादा युवक-युवतियों को भर्ती किया जायेगा। इससे राज्य की औद्योगिक इकाइयों को न केवल सुरक्षा मिलेगी, बल्कि बेरोजगार युवक-युवतियों को भी रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट थानों में स्मार्ट पुलिस भी रहे, इसे सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों से बात करने, आॅनलाइन एफआइआर के तौर तरीकों का प्रशिक्षण दिलाया जाये।

अनुकंपा के मामलों का निपटारा जल्द करने का निर्देश दिया।
थानों का निरीक्षण करें एसपी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि किसी प्रकार की सूचना मिलने पर निश्चित अवधि में पुलिस वाहन स्थल पर पहुंच जायें, इसे सुनिश्चित करें और जिम्मेदारी भी तय करें। राज्य में होनेवाले संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए चार्जशीट दायर करने के काम में तेजी लायें। सजा दिलाने की दर बढ़े, इस पर ठोस काम करें। अनुसंधान में तेजी रखें। उन्होंने डीआइजी और एसपी की भी जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया। एसपी रोजाना तीन-चार थाना विजिट करें, इसे निर्धारित करें और इसकी रिपोर्ट मंगायें। बैठक में मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे, डीजीपी डीके पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार समेत राज्य के आला पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

रांची, जमशेदपुर और देवघर सीसीटीवी की जद में होंगे
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि राज्य में 2500 सहायक पुलिस की बहाली की प्रक्रिया अगस्त तक पूरी कर ली जायेगी। इस वर्ष रांची में सीसीटीवी लगा दी जायेगी। जमशेदपुर और देवघर में भी सीसीटीवी सर्विलांस के लिए डीपीआर तैयार किया जा रहा है। डायल 100 से जुलाई तक सभी जिलों को जोड़ दिया जायेगा। इसके साथ ही हाइवे पेट्रोलिंग एवं जिला कंट्रोल वाहन को इससे जोड़ा जायेगा। साथ ही राज्य में आपदा प्रबंधन के लिए स्टेट डिजास्टर रिलिफ फोर्स के गठन के लिए प्रक्रिया चल रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version