रांची: सदर एसडीओ भोर सिंह यादव को उस वक्त विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं का विरोध झेलना पड़ा, जब वे विहिप कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को रोकने के लिए पहुंचे। इस दौरान विहिप कार्यकर्ताओं और एसडीओ के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। दरअसल शुक्रवार की रात बड़गाईं में हुई घटना को लेकर विहिप कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस और बैठक बुलायी गयी थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने से ठीक पहले एसडीओ भोर सिंह यादव दल-बल के साथ विहिप कार्यालय पहुंच गये। सिटी एसपी अमन कुमार समेत कई थानों के पदाधिकारी भी एसडीओ के साथ थे। एसडीओ के साथ पुलिस को देखकर विहिप कार्यकर्ता आक्रोशित हो गये। कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध कर वापस जाने की मांग की। एसडीओ ने कहा कि बड़गाईं कांड के खिलाफ यहां बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलायी गयी है। उस मामले को लेकर किसी भी तरह का बयान नहीं देने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह बैठक बिना प्रशासन की अनुमति के बुलायी गयी है इसलिए इस पर रोक लगायी जा रही है।
एसडीओ की बात सुनते ही विहिप के कार्यकर्ता उग्र हो गये। वे एसडीओ और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि पुलिस को आॅफिस में घुसने का कोई अधिकार नहीं है। विहिप के प्रदेश धर्म प्रसार प्रमुख प्रमोद कुमार मिश्र और हिंदू जागरण मंच के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील बर्मन ने एसडीओ और पुलिस अधिकारियों को हाथोहाथ लिया। उन्होंने कहा कि एसडीओ अपने दायरे में रहें। अपने दफ्तर में बैठक करने के लिए विहिप को प्रशासन की अनुमति की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस-प्रशासन उन्हें कानून न सिखाये। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह कैसे पता कि आॅफिस में किस मुद्दे पर बैठक होने वाली है। यहां कोई भड़काऊ भाषण और प्रदर्शन नहीं हो रहा है। गंभीर मुद्दे पर बैठक बुलायी गयी है। पुलिस-प्रशासन में अगर इतनी ही हिम्मत है तो जाकर मदरसे में हो रही बैठक को रोककर दिखाये। विहिप कार्यालय के गेट तक पहुंच चुके एसडीओ और पुलिस अधिकारियों को कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए गेट से बाहर कर दिया। थोड़ी देर पुलिस आॅफिस के बाहर मौजूद रही और आखिरकार विहिप ने बैठक भी की और प्रेस को संबोधित भी किया।
मौके पर एसडीओ ने कहा
प्रशासन को शहर का अमन-चैन बनाये रखना है। बड़गाई की घटना को लेकर कार्यकर्ताओं की जो भी शिकायतें हैं उसे प्रशासन सुनने को तैयार है। वे लोग डीसी-एसपी कार्यालय चल कर अपनी पूरी बात रख सकते हैं। यहां बैठक करने की अनुमति नहीं ली गयी है। बड़गाईं मामले को लेकर किसी भी तरह का बयान देने नहीं दिया जायेगा।
विहिप का प्रशासन को जवाब
अपने आॅफिस में बैठक या प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए विहिप को प्रशासन से अनुमति लेने की जरुरत नहीं है। किसी भी हाल में पुलिस और प्रशासन के आदमी को कार्यालय के अंदर घुसने नहीं दिया जायेगा। हम यहां शांतिपूर्ण बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आये हैं, न कि भड़काऊ भाषण देने। एसडीओ अपने दायरे में रहें।