रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जब से उन्होंने सत्ता संभाली, राज्य में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करना प्राथमिकता रही है। राज्य में राजनीतिक अस्थिरता के कारण बिजली व्यवस्था के लिए पर्याप्त काम नहीं हुए थे। सब स्टेशन, ट्रांसफार्मर, ट्रांसमिशन लाइन आदि की भारी कमी थी। उन्होंने कहा कि सरकार में आते ही जेनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए अलग-अलग निगम बनाये। प्रोफेशनल तरीके से उन्हें चलाने के लिए प्रबंध निदेशक की नियुक्ति की गयी। इसके बाद राज्य में बिजली की आधारभूत संरचना सुधारने का काम शुरू किया गया। जल्द ही लोगों को इसका व्यापक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री बुधवार को प्रोजक्ट भवन में झारखंड ऊर्जा विकास निगम और उसकी अनुषंगी कंपनियों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने के बाद बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य के हर घर में वर्ष 2018 तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। हमारी सरकार लोगों को निर्बाध और क्वालिटी बिजली देने के लिए संकल्पित है। इस लक्ष्य को समयबद्ध और चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग में मानव बल की कमी को दूर करने के लिए बुधवार को पांच विभिन्न पदों पर 589 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये हैं। अगले माह और लोगों को नियुक्ति पत्र दिये जायेंगे।
वोट बैंक की राजनीति ने नियुक्तियां रोके रखीं
सीएम ने कहा कि राज्य के सरकारी विभागों में मानव बल की काफी कमी है। वोट बैंक की राजनीति के कारण राज्य में स्थानीय नीति परिभाषित नहीं की गयी थी। इस कारण नियुक्तियां नहीं हो पा रही थीं। हमारी सरकार ने स्थानीय नीति परिभाषित की। इसका लाभ यहां के लोगों को हुआ। अगले माह लाइनमैन और स्विचबोर्ड आॅपरेटरों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी।
तीन आदिम जनजाति युवकों का चयन : कुलकर्णी
ऊर्जा विभाग के सचिव नीतीन मदन कुलकर्णी ने कहा कि 589 चयनित छात्रों में 87 सहायक अभियंता, 22 लेखा पदाधिकारी, 130 कनीय अभियंता, 200 कनीय लेखा लिपिक एवं 150 कार्यालय सहायक हैं। 589 लोगों में 169 अनुसूचित जनजाति, 65 अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग के 142 छात्र हैं। 19 दिव्यांगों का भी चयन हुआ है। आदिम जनजाति समूह से सहायक अभियंता के पद पर एजरा विजय माल्टो का चयन किया गया है, जो सौर पहाड़िया परिवार से है। कनीय लेखा लिपिक के पद पर राजेश बेंग (असुर) और मथुरा सबर (सबर) का चयन हुआ है। माल पहाड़िया परिवार से आनेवाले मनु पहाड़िया का चयन कार्यालय सहायक के पद पर हुआ है। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अमित खरे, जेबीवीएनएल के प्रबंध निदेशक राहुल पुरवार, जेयूएसएनएल के प्रबंध निदेशक निरंजन उपस्थित थे।