रांची। लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड समेत तीन राज्यों में इसी साल होनेवाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। रविवार को उन्होंने झारखंड, हरियाणा और महाराष्टÑ की कोर कमिटी के साथ बैठक की। इन तीनों राज्यों में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा अध्यक्ष द्वारा बुलायी गयी बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ भी शामिल हुए। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद सुदर्शन भगत, जयंत सिन्हा और विद्युत वरण महतो तथा राज्य के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा भी बैठक में शरीक हुए। बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी थे।
बैठक में अमित शाह ने इन नेताओं को विधानसभा चुनाव में दो तिहाई सीट हासिल करने का टास्क दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी ने राज्य में अच्छा प्रदर्शन किया। इसे विधानसभा चुनाव में दोहराना है। उन्होंने कहा कि सभी सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में अभी से ही काम शुरू कर दें। सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश के नेताओं से कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में समन्वय स्थापित करें। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की लंबित योजनाओं को तेजी से लागू करने को भी कहा।
अमित शाह से मिले रघुवर दास, दी बधाई
कोर कमेटी की बैठक से पहले मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को झारखंड की जनता की ओर से बधाई दी और कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी ‘अबकी बार 65 पार’ के लक्ष्य के साथ उतरेगी।