रांची। झारखंड में रंगदारी, हत्या और ताबड़तोड़ गोलीबारी जैसी वारदातों पर लगाम कसने के लिए पुलिस मुख्यालय के स्तर पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है। डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर तैयार होने वाली यह एसआईटी कुख्यात अपराधियों और उनके पूरे नेटवर्क की डिजिटल ट्रैकिंग करने का काम करेगी।
इस विशेष टीम के रडार पर मुख्य रूप से विदेश में छिपा बैठा कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के साथ-साथ राहुल सिंह और राहुल दुबे जैसे अन्य अपराधी भी शामिल हैं। यह टीम इन अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क के अलावा उनके वित्तीय स्रोतों और मदद करने वाले लोगों की भी पूरी कुंडली खंगालेगी।
एसआईटी का यह विशेष अभियान केवल राजधानी रांची तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और हजारीबाग जैसे संवेदनशील जिलों में भी स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर विशेष कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। इन अपराधियों और उनके संरक्षकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ पुलिस उनकी संपत्तियों और आर्थिक तंत्र को भी नेस्तनाबूद करने की तैयारी में जुटी है।



