रांची। राज्यभर में पड़ रही प्रचंड गर्मी को देखते हुए सरकार ने सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को बड़ी राहत दी है। 22 जून तक कक्षा एक से तीन तक छुट्टी कर दी गयी है। इस बाबत स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एपी सिंह ने सभी जिलों के उपायुक्त को पत्र भेजा है। इसे लेकर रांची डीसी राय महिमापत रे ने भी सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को निर्देश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि तीन तक की कक्षाएं 22 जून तक स्थगित रहेंगी। कक्षा चार से आठ तक के बच्चों के लिए कक्षाएं सुबह 6.30 से 9.30 बजे तक चलेंगी। कक्षा नौ से 12वीं तक कक्षाएं सुबह 6.30 से 10.30 बजे तक चलेंगी।
इसके अलावा प्रधान सचिव ने सभी विद्यालयों में पूर्व के निर्देश के अनुरूप पेयजल की व्यवस्था करने को कहा गया है। कहा है कि विद्यालयों में बिजली की उपलब्धता है, इस अवधि में पंखा लगायें। आवासीय विद्यालयों में वाटर कूलर लगाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही शिक्षकों को नियमित विद्यालय आने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों में 24 जून से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुबह 6.30 से 10.30 बजे तक कक्षा संचालित की जायेगी।