रांची। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अबकी बार झारखंड की राजधानी रांची नया रिकॉर्ड कायम करने जा रही है। कीर्तिमान गढ़ने को लेकर रांची भी उतावली दिख रही है। कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संग योग का मौका रांचीवासियों को मिलनेवाला है। 21 जून की सुबह प्रभात तारा मैदान में मोदी आम और खास के साथ योगासन करेंगे। इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है।
झारखंड के आम और खास सभी अपने प्रधानमंत्री की आगवानी को लेकर तत्पर हैं। हर वर्ग में इस बात को लेकर उत्साह है कि प्रधानमंत्री इस बार झारखंड के लोगों संग योग करेंगे। दोबारा प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का झारखंड में यह पहला कार्यक्रम है। उन्होंने एक ऐसे कार्यक्रम को लेकर रांची का चयन किया है, जिस पर पूरे देश की निगाह रहती है। नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत के योग को विश्व के फलक पर स्थापित करने के लिए विश्व योग दिवस की शुरुआत की थी। नतीजा यह है कि आज विश्व के 200 से ज्यादा देशों में योग को महत्व दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्य की चारों तरफ तारीफ हुई है।
मोदी का झारखंड से गहरा नाता
प्रधानमंत्री का हमेशा झारखंड से लगाव रहा है। यह पहला मौका नहीं है जब नरेंद्र मोदी रांची आ रहे हैं। हां, दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद वह पहली बार रांची जरूर आ रहे हैं। इसी प्रभात तारा मैदान से मोदी देश को सौगात भी दे चुके हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने इसी मैदान से देश को विद्युत संचरण व्यवस्था की सौगात दी थी। अंतर सिर्फ इतना है कि पिछली बार वह प्रधानमंत्री बनने के तीन महीने बाद रांची आये थे और इस बार महीना भी नहीं पूरा होने दिया। प्रधानमंत्री के झारखंड से लगाव की मुख्य वजह यह है कि इस प्रदेश का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। इस राज्य के जन्मदाता के सपनों को मूर्त रूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दे रहे हैं।
एक पखवाड़े से चल रहा है अभियान
योग दिवस को लेकर झारखंड में पिछले एक पखवाड़े से जागरूकता अभियान चल रहा है। जागरूकता अभियान सिर्फ सरकारी स्तर पर नहीं, बल्कि हर क्षेत्र के लोग कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और व्यवसायी वर्ग भी इसमें हाथ बंटा रहे हैं। राज्य के स्कूल और कॉलेजों में भी जागरूकता चलाया गया है। योग दिवस के बहाने झारखंड की जनता को नजदीक से प्रधानमंत्री को देखने की ललक भी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम
65 मिनट योग करेंगे पीएम
नौ घंटे 15 मिनट रांची में गुजारेंगे।
गुरुवार को 10.40 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
शुक्रवार को 6.10 बजे राजभवन से निकलेंगे।
6.30 बजे प्रभात तारा मैदान पहुंचेंगे पीएम मोदी।
7.35 बजे तक योग करेंगे।
7.40 बजे सड़क के रास्ते एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। 7.55 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे।
व्यवस्था एक नजर : कार्यक्रम में 35 हजार से अधिक शामिल होंगे। एलइडी स्क्रीन की मदद से सात हजार लोग योग कर सकेंगे। मैदान में इंट्री सुबह तीन बजे से पांच बजे तक होगी। सुरक्षा की दृष्टि से छह क्लस्टर में बांटा गया है मैदान को 300 कर्मचारी रात तक करेंगे सफाई दिल्ली से मंगाये गये 400 चलंत शौचालय कार्यक्रम स्थल में 500 शौचालय 50 टैंकर पानी की व्यवस्था
रघुवर दास ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को प्रभात तारा मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कहा कि योग करने आये लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, डीजीपी केएन चौबे, रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे, एसएसपी अनीस गुप्ता समेत अन्य लोग उपस्थित थे।