नई दिल्ली। केंद्रीय खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान ने सोमवार को कहा कि ओडिशा, सिक्किम और मिजोरम ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ योजना से जुड़ गए हैं।
केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने ट्विट कर कहा कि ओडिशा, सिक्किम और मिजोरम के साथ ही अब तक 20 राज्य इस योजना से जुड़ चुके हैं। इस योजना के तहत एक अगस्त तक उत्तराखंड, नगालैंड और मणिपुर को जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। अगले साल 31 मार्च तक तक इस योजना को पूरे देश में लागू किया जाना है। रामविलास पासवान ने कहा कि देश के नागरिक अपने हिस्से का राशन देश के किसी हिस्से से ले सकें, इसके लिए वन नेशन वन राशन कार्ड योजना लागू की गयी है। यह योजना अब तक आन्ध्र प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, त्रिपुरा, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दमन दीव में लागू की जा चुकी है।