नई दिल्ली : देश में आपातकाल लागू होने के 45 हाल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए कांग्रेस द्वारा देश पर आपातकाल थोपा जाना, एक शर्मनाक घटना थी। निजी स्वार्थ के लिए एक राजनीतिक पार्टी ने देश को जेल में तब्दील कर दिया था।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘कांग्रेस द्वारा देश पर थोपे गए शर्मनाक आपातकाल की बरसी पर मैं, भारत उन सभी महानुभावों को नमन करता है, जिन्होंने घोर अन्याय और भीषण यातनाएं सहने के बावजूद लोकतंत्र की हत्या करने वालों के सामने घुटने नहीं टेके। बल्कि आपातकाल का जमकर विरोध किया। ये हमारे सत्याग्रहियों का तप ही था, जिससे भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों ने एक अधिनायकवादी मानसिकता पर सफलतापूर्वक जीत प्राप्त की।’

नड्डा ने कहा कि वर्ष 1975 में आज ही के दिन निहित राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए तत्कालीन सरकार द्वारा आपातकाल की घोषणा कर सरकार के खिलाफ बोलने वालों को जेल में डाल दिया गया था। देशवासियों के मूलभूत अधिकार छीनकर अखबारों के दफ्तरों में ताले लगा दिए गए थे।

उल्लेखनीय है कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 25 जून 1975 एक काली तारीख है। इस दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कहने पर तत्कालीन राष्ट्रपति फखरूद्दीन अली अहमद ने देश में आपातकाल की घोषणा की थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version