रांची। राज्यसभा चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापारियों की जमात है। वे वस्तुओं की खरीद-बिक्री तो करते ही हैं, अब ये लोग चुनाव में भी खरीद-फरोख्त करने लगे हैं। इस विषय पर भी दलबदल कानून की तरह विधायक खरीद-फरोख्त विरोधी कानून बनना चाहिए। इस विषय पर भी चर्चा होनी चाहिए, ताकि धनबल का प्रयोग लोकतंत्र में न हो सके, क्योंकि धनबल लोकतंत्र को तोड़ता है। उन्होंने गठबंधन की ओर से दो उम्मीदवार उतारे जाने पर कहा कि भाजपा के पास कौन सा आंकड़ा था, जिसके चलते उसने अपना उम्मीदवार उतारा था।
सीएम ने कहा कि भाजपा को जनता को बताना चाहिए कि उसने किन लोगों से वोट लिया। क्या वे भाजपा के गठबंधन के लोग हैं या फिर उन्हें पैसे की ताकत दिखायी गयी है। उन्होंने कहा कि यह ज्यादा दिन तक चलेगा नहीं। इसका करारा जवाब दिया जायेगा। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा का परिचय देते हुए चुनाव संपन्न हुआ है। भाजपा देश में जिस तरह से काम करती आ रही है, उसी का परिचय देते हुए यहां भी वही काम किया है। जो भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ कर आये थे, उससे ही भाजपा ने वोट लिया है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक लड़ाई जारी रहेगी और आने वाले समय में इसका जवाब दिया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version