आजाद सिपाही संवाददाता
हजारीबाग। झारखंड पुलिस के लिए सिरदर्द बने शूटर अमन साव के करीबी गंगा साव को शुक्रवार की देर रात हजारीबाग की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी एस कार्तिक को यह सूचना मिली थी कि गंगा साव अपनी स्कॉर्पियो से शहर में घूम रहा है। इसी सूचना पर एसडीपीओ कमल किशोर और उनकी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गंगा साव एक बड़े राजनीतिक दल से भी जुड़ा है। उस पर टाइगर ग्रुप से भी जुड़े होने का आरोप है। पूर्व की सरकार के कार्यकाल में इलाके में उसकी धाक थी। उसके खिलाफ हजारीबाग के कई थानों में कई मामले लंबित हैं, लेकिन पुलिस अधिकारी उसे छूने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे। पुलिस के कई अधिकारी उसे संरक्षण दे रहे थे। गिरफ्तारी का वारंट जारी रहने के बावजूद वह राज्य के तत्कालीन मुखिया रघुवर दास से भी मिला था और इसकी तस्वीर भी वायरल हुई थी। गिरफ्तारी के बाद उसे उरीमारी थाना में 2013 मेंदर्ज लूट के एक मामले में जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में अदालत ने कुर्की का आदेश जारी है। इसके बावजूद गंगा न केवल कुछ पुलिस अधिकारियों से नियमित रूप से मिलता रहा, बल्कि बेखौफ अपनी गतिविधियां संचालित करता रहा। उस पर बड़कागांव थाना में भी मामला दर्ज है और इस मामले में भी उसके घर को कुर्क करने का आदेश जारी हो चुका है। गंगा साव एक और चर्चित मामले का आरोपी है। 28 सितंबर 2019 को बड़कागांव थाना से शूटर अमन साव फरार हो गया था। आरोप है कि इसकी साजिश रचने में गंगा साव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। हालांकि पूछताछ के क्रम में उसने इससे इनकार किया है। हजारीबाग पुलिस के समक्ष उसने सिर्फ इतना कबूल किया है कि वह अमन साव को जानता है। अमन साव के फरार होने के मामले का अनुसंधान सीआइडी कर रही है। गंगा साव को अब वह रिमांड पर लेगी।