मेरठ। योगी सरकार द्वारा गोहत्या कानून को कड़ा करने का गोरक्षकों और विपक्षी दलों ने स्वागत किया है। गोरक्षकों का कहना है कि इससे गोहत्या पर रोक लगेगी तो सपा नेताओं का कहना है कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करके पूरे देश में गोहत्या पर उम्रकैद की सजा होनी चाहिए।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व कैंट विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे सरदार परविंदर सिंह ईशू का कहना है कि गोरक्षा कानून को कड़ा करके पूरे देश में सख्ती से लागू करना चाहिए। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करके पूरे देश में गोहत्या पर उम्रकैद का प्रावधान लागू हो। केंद्र सरकार को गोमांस के विदेशों में निर्यात पर प्रतिबंध लगाकर इसमें लिप्त कंपनियों के नाम सार्वजनिक करने चाहिए। तभी गोहत्या पर रोक लग सकती है।
कांग्रेस के पीसीसी सदस्य हरिकिशन अंबेडकर का कहना है कि गायोें को चिहिन्त करके क्षेत्रवार नोडल कमेटियों का गठन किया जाए। इसमें नोडल कमेटियों की जिम्मेदारी तय हो। तभी गोहत्या रुक सकेंगी। तथाकथित गोरक्षक संगठनों का पर्दाफाश किया जाए। मुंह में राम और बगल में छुरी अब नहीं चलेगी। कांग्रेस नेता अभिमन्यु त्यागी का कहना है कि गोहत्या बंद होनी चाहिए। यह हिंदुओं की आस्था का विषय है। पहले भी गोहत्या पर सात की सजा थी, लेकिन कानून का ठीक से पालन नहीं कराया जाता था। गोहत्या रूकना कानून के ठीक प्रकार से लागू होने पर निर्भर करेगा। इस निर्दोष और राजनीतिक लोगों को भी फंसा दिया जाता है। निष्पक्ष रूप से कानून लागू होने से गोहत्या बंद होगी।
गोरक्षक बोले-लंबे समय से था सख्ती का इंतजार
विश्व हिंदू परिषद के मेरठ प्रांत प्रचार प्रमुख शीलेंद्र चौहान का कहना है कि कोरोना काल में गोहत्या बड़े पैमाने पर हुई है। योगी सरकार ने गोहत्या रोकने को लेकर बहुत अच्छा निर्णय लिया है। इस कानून का लंबे समय से इंतजार था। हरियाणा की तर्ज पर गोहत्या करने वालों पर जुर्माना लगाना और गोवंश खर्च वसूलने का निर्णय स्वागत योग्य है। मेरठ में किठौर, भावनपुर, जानी, फलावदा, सरधना आदि क्षेत्र गोहत्या के लिए कुख्यात है। अब कानून कड़ा होने से गोहत्या करने वालों में खौफ पैदा होगा।
वेस्ट यूपी में गोरक्षा को लेकर अभियान चलाने वाले राष्ट्र चेतना मिशन के संयोजक हेमंत सिंह ने इस कानून को लेकर योगी सरकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की। गोहत्या पर कठोर कानून होने से गोवश के कटान पर रोक लगेगी। वह लंबे समय से कानून को कठोर करने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री की सख्ती से गोहत्या अब बंद होगी।
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version