आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। पूर्व सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने लद्दाख और अंडमान निकोबार में फंसे प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ की है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से मंगलवार को एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा है, झारखंड के युवा, ऊर्जावान, जाइंट किलर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लद्दाख और अंडमान निकोबार में फंसे प्रवासी श्रमिकों को एयरलिफ्ट करा कर शानदार काम किया है। इस महान प्रयास और प्रतिबद्धता के लिए उन्हें सलाम। इस काम में उन्होंने जो संयम और संकल्प दिखाया, उसकी हरेक द्वारा प्रशंसा की जानी चाहिए। शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे लिखा है, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, क्या आप नहीं सोचते कि हेमंत सोरेन आपके आशीर्वाद और समर्थन के हकदार हैं? जय हिंद। दिन में 11.28 बजे किये गये इस ट्वीट को अब तक 21 सौ लाइक मिल चुके हैं और साढ़े तीन सौ लोगों ने इसे रीट्वीट भी किया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने इस ट्वीट के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, यशवंत सिन्हा, एनसीपी नेता शरद पवार, कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चह्वाण और कई अन्य लोगों को टैग भी किया है। बता दें कि सीएम हेमंत सोरेन के इस काम की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है और ट्विटर पर बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है।
सीएम ने जताया आभार
सीएम हेमंत सोरेन ने इस ट्वीट के लिए शत्रुघ्न सिन्हा के प्रति आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, धन्यवाद सिन्हा साहब, इस हौसला-अफजाई के लिए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version