सीएम से मिला सिंहभूम चेंबर ऑफ़ कॉमर्स का शिष्टमंडल

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में  सिंहभूम चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से कोरोना संकट और लॉकडाउन की वजह से अर्थव्यवस्था और इंडस्ट्रीज पर पड़ रहे असर से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और  व्यापारियों के हित में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि  कोरोना महामारी से ना सिर्फ व्यापार को नुकसान हुआ है, बल्कि सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में इन विपरीत परिस्थितियों में अर्थव्यवस्था को कैसे पटरी पर लाया जाये, इसके लिए सरकार ने कार्ययोजना बनानी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लॉकडाउन को धीरे-धीरे खोला जायेगा, ताकि सामान्य जीवन इसकी वजह से ज्यादा प्रभावित नहीं हो।

 इन मांगों पर विचार करने का किया आग्रह

चेंबर ने कोरोना पीरियड के बिजली बिल का फिक्स्ड चार्ज और बैंकों  की ब्याज दर माफ करने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने कपड़े और जूता  चप्पल समेत अन्य दुकानों को  खोलने की इजाजत तथा सिंहभूम  क्षेत्र में भी डीवीसी द्वारा बिजली  वितरण की व्यवस्था शुरू करने की भी मांग रखी।  इस मौके पर  स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश संथालिया, सिंहभूम चेंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के  प्रेसिडेंट अशोक भालोतिया, भरत   वसानी, विजय आनंद मुनका, दिनेश चौधरी, मानव केडिया और श्री नितेश धुत उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version