नई दिल्ली : पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की रिटायरमेंट को लेकर पिछले कुछ समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। इतना ही नहीं, हाल में सोशल मीडिया पर #DhoniRetires का हैशटैग भी ट्रेंड करने लगा था जिसके बाद उनकी पत्नी साक्षी ने अटकलों को खारिज किया। हालांकि बाद में साक्षी ने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया। अब उन्होंने इसके पीछे की पूरी कहानी शेयर की है।

साक्षी धोनी ने अपने उस ट्वीट के बारे में राज खोला, जिसने भारत के पूर्व कप्तान की रिटायरमेंट के बारे में चल रही अफवाहों पर विराम लगा दिया था। साक्षी ने अपने पति की कप्तानी वाली आईपीएल टीम चेन्नै सुपर किंग्स के हैंडल पर रूपा रमानी के साथ एक लाइव इंस्टाग्राम सेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें अपने एक करीबी दोस्त से उस हैशटैग के बारे में पता चला।

सोशल मीडिया पर जब धोनी को लेकर हैशटैग ट्रेंड करने लगा तो साक्षी ने इस बारे में बताने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘मेरे दोस्त ने मुझसे पूछा कि सोशल मीडिया पर यह क्या चल रहा है? वह हैशटैग (#DhoniRetires) दोपहर से ट्रेंड कर रहा है। मैंने सोचा कि सच बताया जाए, फिर मैंने ट्वीट किया। फिर मुझे याद नहीं कि क्या हुआ था कि मैंने उसे बाद में डिलीट कर दिया, लेकिन इतने से ही काम हो गया, मेसेज सभी को मिल गया था।’

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version