आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर एक नया भारत उभर कर सामने आया है। भारत की सैन्य शक्ति पर सवाल खड़ा करनेवाले अपने कारनामों को भूल जाते हैं। जिन्होंने कभी चीन से समझौता किया था वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछते हैं। रविवार को ये बातें केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहीं। वे झारखंड जनसंवाद रैली में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कल तक कांग्रेस के लिए अक्साई चीन एक घास उगानेवाला जमीन का टुकड़ा था। आज वही पार्टी प्रधानमंत्री से सवाल पूछ रही है। कार्यक्रम का उद्घाटन रांची में मंच पर उपस्थित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने किया। मौके पर शहीद कुंदन ओझा और हांसदा को श्रद्धांजलि दी गयी। मंचस्थ नेताओं में धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत अर्जुन मुंडा ने स्मृति चिह्न और अंग वस्त्र देकर किया। वहीं बाबूलाल मरांडी का स्वागत अमित सिंह ने तथा दीपक प्रकाश का स्वागत प्रदीप वर्मा ने किया। इस वर्चुअल कार्यक्रम का संचालन रैली के संयोजक बालमुकुंद सहाय ने किया।
हेमंत सरकार को गरीबों की चिंता नहीं : बाबूलाल
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब से हेमंत सरकार बनी है लोग भयाक्रांत हैं। चोरी, डकैती और हत्या आम बात हो गयी है। राज्य में अब तक 40 से अधिक उग्रवादी घटनाएं हो चुकी हैं। भय के कारण सुदूर गांवों और जंगली क्षेत्रों में रहनेवाले लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक हुआ : अर्जुन मुंडा
केंद्र में जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल ऐतिहासिक है। भारत अब अखंड भारत बनने की ओर बढ़ चला है। मोदी सरकार के कार्यकाल में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत एक हुआ है। धारा 370 समाप्त हुई है और राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने से करोड़ों लोगों की आकांक्षाएं पूरी हुई हैं।
उपलब्धियों से भरा है मोदी सरकार का कार्यकाल : दीपक प्रकाश
अध्यक्षीय संबोधन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा हुआ है। झारखंड संवाद का यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के डिजिटल भारत के सपनों को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के साथ हमें आत्मनिर्भर झारखंड भी बनाना है।
कोई भूखा न सोये, इसके लिए संकल्पित रही पार्टी : प्रदीप वर्मा
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने कोरोना संकट में पार्टी की ओर से चलाये गये सेवा कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कोरोना काल में पार्टी संकल्पित रही कि कोई भी भूखा न सोये। पीएम केयर फंड में पांच पांच करोड़ से अधिक की राशि भेजी गयी। 31 लाख मास्क बांटा गया। आठ लाख सैनिटाइजर क वितरण किया गया।