नई दिल्ली: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई अन्य नेताओं ने लोगों को बधाई दी है। दोनों नेताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जन जागरुकता की आवश्यकता है और इसके लिए जरूरी है कि हम एकजुट प्रयास कर जैव विविधता को बचाए।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि समय आ गया है कि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास करें। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस ऐसे समय पर पड़ा है जब सारी मानवता सबसे विकट स्वास्थ्य आपदा कोविड-19 महामारी से संघर्ष कर रही है। विश्व की अखिल मानवता पर इसका घातक प्रभाव पड़ा है।

इस दौरान फेसबुक पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने लिखा, “आवश्यक है कि विश्व जैव विविधता, जो इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस का थीम है, उसके संरक्षण पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए और इस दिशा में कारगर कदम उठाए जाएं। कोरोना वायरस ने ये तो दिखा दिया है कि मानव जीवन की रक्षा के लिए जैव विविधता का संरक्षण अनिवार्य शर्त है। बढ़ते औद्योगिकीकरण, शहरीकरण, उनके कारण जंगलों की अंधाधुंध कटाई, पशु-पक्षियों के प्राकृतिक बसेरों को पहुंची क्षति, प्रदूषण, मौसम परिवर्तन.. ये सब मिलकर पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं। ऐसे जरूरी है कि हम विकास बनाम पर्यावरण की अंतहीन बहस को किनारे कर पर्यावरण और विकास को बराबरी का महत्व दें। आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण कोई परस्पर विपरित लक्ष्य नहीं हैं बल्कि एक दूसरे के पूरक हैं।“

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर हम अपने ग्रह की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण के लिए अपनी प्रतिज्ञा दोहराते हैं। आइए हम सामूहिक रूप से वनस्पतियों और जीवों को सुनिश्चित करने के लिए जो भी संभव हो। हम आने वाली पीढ़ियों के लिए और भी बेहतर ग्रह छोड़ सकते हैं।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, ‘विश्व पर्यावरण दिवस 2020 पर, हम प्रकृति और जैव विविधता के संरक्षण और वंदना की हमारी परंपराओं का पालन करते हैं। अब प्रकृति का समय है। एक स्वच्छ, हरियाली के वातावरण के लिए प्रतिबद्ध प्रयास करें।’

केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा. ‘माता है ये धरा हमारी आओ इसका मान बढ़ायें, बेहतर सबकी स्वास्थ्य की ख़ातिर आओ पर्यावरण बचायें। एक स्वस्थ एवं समृद्ध कल की हम सबकी मंशा को सत्यार्थ में परिवर्तित करने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी पर्यावरण को स्वच्छ रखने का प्रण करें।’

वहीं प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा कि ‘यह विश्व पर्यावरण दिवस, हम अपने चारों ओर जीवन देने वाली प्रकृति की रक्षा और संरक्षण के लिए अपनी प्रतिज्ञा को नवीनीकृत करते हैं और विनाशकारी कदमों के खिलाफ लड़ने की प्रतिज्ञा करें जो इसके विनाश का कारण बन सकते हैं।’

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version