रांची। भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड लुटने वाले दलों को मांडर की जनता वोट न दें। उन्होंने कहा कि मांडर विधानसभा उपचुनाव से भ्रष्टाचारी कांग्रेस एवं झामुमो की छुट्टी करनी है। बाबूलाल मरांडी सोमवार को मांडर विधानसभा उपचुनाव को लेकर लापुंग प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जनचौपाल को सम्बोधित कर रहे थे।

मरांडी ने कांग्रेस, झामुमो को भ्रष्टाचारी दल बताते हुए कहा कि मांडर के निवर्तमान विधायक की विधायकी भ्रष्टाचार के आरोप में चली गई। ढाई वर्षो में सत्ता में बैठे दलों के लोगों ने अपना विकास किया। कोयला, बालू, लोहा, जमीन लूटने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि झारखंड को लूटने वाले कांग्रेस, झामुमो और राजद को वोट नहीं करना है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के लोग अपने और अपने परिवार एवं प्रतिनिधियों के नाम पर खदान का पट्टा तथा उद्योग के नाम पर जमीन का पट्टा लेने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार झारखंड विरोधी सरकार है। राज्य में कानून व्यवस्था चौपट हो चुका है, जो सुरक्षा नहीं दे सकते उन्हें वोट नहीं देना है। उन्होंने कहा कि जिन्हे सुरक्षा देना है वह पुलिसकर्मी सत्ताधारी दल के इशारे पर वसूली में लगे हैं। मरांडी ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को अलग राज्य बनाने के साथ-साथ सजाने और संवारने का भी काम किया है। जब से हेमंत सरकार बनी है पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। पंचायत चुनाव से लेकर असदुद्दीन ओवैसी के रांची आने के क्रम में रांची में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। पाकिस्तान जिंदाबाद कहने वालों को हेमंत सरकार संरक्षण दे रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version