रांची। रांची डीसी छवि रंजन ने बुधवार को मांडर विधानसभा क्षेत्र उप चुनाव में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में जांच का निर्देश दिया है। अपर जिला दंडाधिकारी को 24 घंटे में जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। कांग्रेस के नेता राजीव रंजन ने भाजपा पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया था।
उल्लेखनीय है कि बीते पांच जून को मोरहाबादी मैदान में भाजपा ने रैली की थी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए थे। इसको लेकर कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इसकी शिकायत की थी। राजीव रंजन ने कहा था कि उप चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही थी, तभी भाजपा ने आदिवासी रैली का आयोजन किया। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा की उम्मीदवार गंगोत्री कुजूर के पक्ष में प्रचार किया, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।