मुख्यमंत्री की अगुवाई में महागठबंधन के नेताओं ने किया चुनाव प्रचार
रांची। मांडर उपचुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में सोमवार को महागठबंधन के नेता चुनाव प्रचार में उतरे। हेमंत ने लापूंट, सिलागांई, चान्हो और बाजारटांड़ में चुनावी सभाओं में राज्य में चल रही विकास योजनाओं का बखान किया और भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि बीते ढाई वर्षों में राज्य ने तीन-तीन उपचुनाव देखे। तीनों में जनता ने भाजपा के झूठ और फरेब को नकारा। जनता मांडर उपचुनाव में भी भाजपा को धूल चटायेगी। उन्होंने कहा कि क्या कारण रहा जब हम सरकार में आये तो हमने पहली बार जेपीएससी की नियमावली बनायी। 20 साल तक भाजपा की सरकारें क्या करती रही। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में जो जेपीएससी की परीक्षा शुरू हुई थी उसमें 1200 से अधिक दिन लग गए। हमने 7वीं से 10वीं जेपीएससी परीक्षा रिकॉर्ड मात्र 251 दिनों में पूरी की।हेमंत ने कहा कि कोरोना काल में हमारी सरकार ने मुफ्त में लोगों के घरों तक अनाज पहुंचाने का काम किया जबकि एनडीए के नेता अपने घरों में दुबके रहे। वैक्सीनेशन के लिए लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने महागठबंधन की प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की को आशीर्वाद देकर राज्य सरकार के हाथों को मजबूत करने की अपील जनता से की। मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता और ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भी कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा के पक्ष में मतदान करने के लिए क्षेत्र की जनता से अपील की।
बंधु तिर्की के खिलाफ भाजपा की साजिश
चुनावी सभा का संबोधित करते हुए आलमगीर आलम ने कहा कि पूरा देश संकट के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में गंगा-यमुनी तहजीब को संभाल कर रखने की जिम्मेदारी हम सब पर है। उन्होंने कहा कि शिल्पी नेहा तिर्की नेता के रूप में मांडर के विकास को आगे बढ़ायेगी। चुनावी सभा में राजेश ठाकुर ने कहा कि मांडर की जनता ने बन्धु तिर्की को पिछले पांच साल के लिए समर्थन और आशीर्वाद दिया। लेकिन भाजपा ने एक साजिश रच कर सदन में मांडर की समस्याओं को प्रखर रूप से आवाज देनेवाले बन्धु की सदस्यता एक साजिश के तहत खत्म करवा दी। यह मांडर की जनता के साथ भाजपा ने विश्वासघात कर उनकी आवाज को दबाने का काम किया। इस विश्वासघात का बदला लेने का वक्त भाजपा से आ गया है। कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में आप मतदान कर मांडर के विकास की एक नयी गाथा रचने का काम करें।
भाजपा की बी टीम है एआईएमआईएम
विधायक इरफान अंसारी और विधायक उमाशंकर अकेला ने मांडर में चुनाव प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में शामिल करवाया गया। इनमें एआईएमआईएम के मांडर के प्रखंड अध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, कोषाध्यक्ष यूनुस अंसारी, वसीम अंसारी, गुलरेज अरशद अंसारी, इरशाद अंसारी, राजेश कुमार, रिजवान अंसारी के अलावा बड़ी तादाद लोग शामिल हैं।
इरफान अंसारी ने कहा कि बंधु तिर्की के साथ भारतीय जनता पार्टी ने साजिश कर इनकी सदस्यता को खत्म करवाया है। एआईएमआईएम को चुनाव लड़ने के लिए भाजपा ने ही कैंडिडेट दिया है। एआईएमआईएम भाजपा की बी टीम है। इस बात को समझना पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि मांडर की जनता के साथ बंधु तिर्की का पारिवारिक रिश्ता है।