रांची। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि साहेबगंज में एक हजार करोड़ रुपये के खनन घोटाले का प्रमुख अभियुक्त दाहू यादव महीनों से झारखंड पुलिस की नजर में फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है जबकि वह मुफसिल थाना के पहाड़ पर भारी संख्या में हथियारबंद लोगों के साथ मजे से रह रहा है। गैंग्स ऑफ साहिबगंज का नामी अपराधी है दाहू यादव।
उन्होंने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में लिखा है कि वहां की पुलिस को सब पता है कि दाहू यादव कहां है लेकिन उसे गिरफ्तार करने की बजाय पुलिस कुर्की जब्ती के नाम पर खाना पूर्ति कर अपना काम पूरा समझ ली है। मरांडी ने लिखा है कि साहिबगंज पुलिस और प्रशासन के लोग यह जानते हैं कि दाहू मुफसिल थाना के पहाड़ पर भारी संख्या में हथियारबंद लोगों के साथ मजे से रह रहा है। लोगों से मिलता-जुलता है। अब तो वह ईडी के गवाहों को बंदूक के बल पर डरा रहा है। फिर भी उसको पकड़ने से कौन रोक रहा है?
उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस की सुरक्षा में उसे इस पहाड़ से उस पहाड़ पहुंचाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन पर उसकी गिरफ्तारी से बचाने का आरोप लग रहा है। झारखंड के डीजीपी इसका संज्ञान लें। रांची से विशेष पुलिस दल गठित कर भेजें और दाहू की गिरफ्तारी सुनिश्चित करा कर वहां आतंक राज की समाप्ति करें।