बेगूसराय। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महा जनसंपर्क अभियान के तहत बुधवार को बेगूसराय के गंगा ग्लोबल ज्ञान परिसर रमजानपुर में किसान मोर्चा द्वारा सभी मोर्चा का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनना सुनिश्चित है। नरेन्द्र मोदी ने देश के विकास के लिए इतने कार्य किए हैं कि आप सीना तान कर घर-घर जाकर बता सकते हैं। युवा मोर्चा रोजगार के अवसर, महिला मोर्चा उज्ज्वला योजना और शौचालय, किसान मोर्चा कृषि के क्षेत्र में हुई प्रगति की चर्चा करें।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। जिसके बल पर हम 2024 का लोकसभा चुनाव ही नहीं, बल्कि 2025 का विधानसभा चुनाव भी पूर्ण बहुमत के साथ जीतेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में नकारा सरकार चल रही है। इसे जनता उखाड़ कर फेंक देगी।
राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि देश 1947 में आजाद हुआ। लेकिन ब्रिटिश हुकूमत इसके बाद भी भारत में परोक्ष रूप से शासन करती रही। 2014 में जब नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो ब्रिटिश हुकूमत को अपना बोरिया बिस्तर समेट लेना पड़ा। भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने में मोदी ने ऐसा काम किया कि दुनिया ने लोहा मान लिया।
विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के उपज को बढ़ाने के लिए नैनो खाद का इजाद किया। बेगूसराय में बंद खाद कारखाना को फिर से बनाकर उत्पादन शुरू करवा दिया। मवेशियों के नस्ल सुधार के लिए उपाय किए हैं। खेती-किसानी के क्षेत्र में तकनीकी विस्तार किया जा रहा है, जिससे किसानों के आय में वृद्धि हुई है।
पूर्व विधान पार्षद रजनीश कुमार ने कहा कि बेगूसराय से कोई प्रत्याशी हों, आप नरेन्द्र मोदी के चेहरे एवं कमल निशान को देखिए और बीते चुनाव से अधिक वोट से जीतिए। मोदी सरकार ने पूर्व सांसद डॉ. भोला सिंह के कार्यकाल से लेकर अबतक 50 हजार करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश किया है। बेगूसराय के विकास का इतिहास लिखा जाएगा तो नरेन्द्र मोदी उसमें अग्रणी दिखाई देंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सीताराम सिंह एवं संचालन अमिय रंजन पोद्दार ने किया। बैठक को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर, निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक श्रीकृष्ण सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोजिनी भारती एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमित सन्नी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।