-पीएम मोदी ने भोपाल से हरी झंडी दिखा कर रांची-पटना वंदे भारत का किया उद्घाटन
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रांची-पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखा कर झारखंड-बिहार को इस सेमी हाइ स्पीड ट्रेन की सौगात दी। भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में पीएम मोदी ने कुल पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखायी।
रांची से वंदे भारत के सफर की शुरूआत सुबह 10:53 बजे हुई। इसने छह घंटे में पटना तक का सफर पूरा किया। रांची से जैसे ही ट्रेन खुली, प्लेटफॉर्म पर खड़े और ट्रेन में बैठे लोग खुशी से झूम उठे। वे ‘वंदे मातरम’ का नारा लगा रहे थे। यात्रियों ने कहा कि इंतजार खत्म हो गया। ऐसा लग रहा है, जैसे फ्लाइट में बैठे हैं।
रांची रेलवे स्टेशन पर इस पल के साक्षी झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, मंत्री चंपई सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, स्थानीय सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा, डीआरएम और दक्षिण पूर्व रेलवे के जनरल मैनेजर अर्चना जोशी, मंडल रेल प्रबंधक प्रदीप गुप्ता समेत कई लोग बने।
वंदे भारत एक्सप्रेस में अलग-अलग स्कूलों के 100 विद्यार्थी विद्यार्थियों ने भी सफर किया। इनमें से कई ने प्रधानमंत्री मोदी की पेंटिंग बनायी थी। बच्चों का कहना था कि मोदी उनके रोल मॉडल हंै। बच्चे प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत से प्रेरित थे। वंदे भारत से सफर करने वाले 10वीं से 12वीं में पढ़ने वाले इन बच्चों में रांची के 10, मेसरा के 30, सैनिक स्कूल के 50 बच्चे शामिल थे। सैनिक स्कूल के बच्चे कोडरमा से गया तक गये। बरकाकाना में विकास विद्यालय के छात्रों को हजारीबाग तक लाया गया। हजारीबाग से कोडरमा तक हजारीबाग डीएवी के 30 बच्चे, शिवतारा सरस्वती विद्या मंदिर के 20 और सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल कुम्हारटोली से 45 छात्र शामिल हुए।
वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22349/22350) का 28 जून से नियमित परिचालन होगा। यह ट्रेन पटना और रांची से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसका वातानुकूलित चेयर कार का किराया 1175 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 2110 रुपये है।
झारखंड-बिहार में वंदे भारत ट्रेन की सौगात, आज से सप्ताह में छह दिन चलेगी सेमी हाइ स्पीड ट्रेन
Related Posts
Add A Comment