-शादी समारोह में आयी लड़की को जबरन ले गये दो लड़के
-पहले खुद किया बलात्कार, फिर तीन दोस्तों को भी बुलाया
आजाद सिपाही संवाददाता
गुमला। गुमला जिला से एक नाबालिग लड़की के अपहरण और फिर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दो आरोपियों ने लड़की का अगवा किया। पहले दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया, फिर फोन कर अपने अन्य दोस्तों को बुला लिया। उन दोस्तों ने भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सभी फरार हो गये। घटना की जानकारी दूसरे दिन लोगों को मिली। इस बीच लड़की और उसके परिजनों को धमकाने का भी प्रयास हो रहा है। हालांकि इसकी शिकायत पुलिस को की गयी है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना गुमला सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। वहां शादी थी। बारात किसी दूसरे गांव से आयी थी। जिस गांव में शादी हो रही थी, वहीं की कक्षा 10 क्लास में पढ़नेवाली एक नाबालिग लड़की समारोह में शामिल होने के लिए आयी थी। रात करीब 11 बजे पीड़िता को दो लड़के स्कूटी में बैठा कर जबरन ले गये। गांव से थोड़ी दूर पर सुनसान इलाके में एक पेड़ के नीचे गाड़ी रोकी और दोनों ने मिल कर नाबालिग के साथ बलात्कार किया। इसके बाद फोन कर अपने तीन दोस्तों को वहां बुलाया। फिर पांचों युवकों ने मिल कर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग लड़की के विरोध करने पर पांचों युवकों ने उसके साथ मारपीट भी की। अंत में रात करीब एक बजे पीड़िता को वहीं छोड़ कर पांचों युवक फरार हो गये।
उधर, देर रात तक लड़की घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात पीड़िता पैदल अपने घर लौटी और माता-पिता को पूरी बात बतायी। घटना में शामिल दो आरोपियों के संबंध में जानकारी दी। सुबह होने पर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण दोनों आरोपियों के गांव पहुंचे। गांववालों ने एक आरोपी की पकड़ कर पिटाई भी कर दी। मामले को सुलझाने के लिए गांव में बैठक हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की गयी। आरोपियों ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया। इस घटना में शामिल अन्य तीन लोगों के नाम भी बताये। इसके बावजूद आरोपियों के गांववाले उसी का साथ दे रहे थे। वह पीड़िता और उशके साथ आये लोगों को उन्होंने पुलिस तक नहीं जाने की धमकी भी दी।
मामला को दबाने के लिए दवाब डाला
अंत में पीड़िता अपने परिजनों के साथ उस गांव से अपने गांव लौट आयी। बाद में शुक्रवार को पीड़िता ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है। खबर लिखे जाने तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया था।