गंगटोक। उत्तरी सिक्किम के मुख्यालय मंगन से लगभग 26 किलोमीटर दूर पेगयोंग में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 दो स्थानों पर भूस्खलन से धंस गया है। इससे लाचुंग, लाचेन, चुंगथांग और अन्य स्थानों से सड़क संपर्क बाधित गया है।
सीमा सड़क संगठन के अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के तहत पेगयोंग के पास दो स्थानों पर हुए भूस्खलन से गुरुवार देररात सड़क संपर्क बाधित हो गया। सीमा सड़क संगठन ने आज सुबह से ही सड़क को खुलवाने के लिए मशीनें और कर्मचारी लगा दिए हैं। इस सड़क के शुक्रवार शाम तक खुल जाने की संभावना है।
इस अधिकारी ने कहा है प्रतिकूल मौसम के कारण काम में बाधा आ रही है। रात के समय भारी बारिश के कारण एक ट्रक फंस गया था। उसमें सवार कुछ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। यह सड़क उत्तरी सिक्किम में भारत-चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ती है। भूस्खलन के कारण भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, लाचुंग, लाचेन और अन्य स्थानों पर जाने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटक प्रभावित हुए हैं।
पिछले दो दिन से हो रही लगातार बारिश के कारण उत्तरी सिक्किम को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के अन्य हिस्से भी बारिश की चपेट में आ गए हैं। शुक्रवार को उत्तरी सिक्किम जाने वाले पर्यटकों के लिए परमिट जारी नहीं किया गया है।