-पहले यूपी में गुण्डे-माफिया हमसे फ्री में गवा लेते थे गाना, नहीं देते थे पैसा: मनोज तिवारी
-देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का : सुरेश खन्ना
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार के नौ साल में किसी के साथ भेदभाव नहीं हुआ। देश के गरीबों, वंचितों और शोषितों को मुख्यधारा में लाया गया। यही कारण है कि इन नौ सालों में भाजपा सरकार के प्रति सबका विश्वास बढ़ता जा रहा है। यह बातें उन्होंने गुरुवार को वह उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के साथ एक प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों से कही। इस प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया गया।
विपक्षी चाहकर भी नहीं कर सकते जातिवाद की राजनीति
भोजपुरी नेता एवं सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में जातिवाद सम्प्रदायवाद की राजनीति होती थी। मोदी सरकार के कार्यों का ही परिणाम है कि अब विपक्षी चाहकर भी जातिवाद की राजनीति नहीं कर सकते।
पहले यूपी में गुण्डे-माफिया हमसे फ्री में गवा लेते थे गाना, नहीं देते थे पैसा: मनोज तिवारी
मनोज तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब भयमुक्त वातावरण है। पहले उत्तर प्रदेश में गुण्डे माफिया हमसे फ्री में गाना गवा लेते थे और पैंसा नहीं देते थे। उन्होंने गीत गाते हुए कहा कि ‘लोकतंत्र के महासमर में भारत की तैयारी है। सेवक बनकर खड़े हैं मोदी अब जनता की बारी है।’इस गीत के माध्यम से उन्होंने मोदी के समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि नौ सालों में हमारा एक ही लक्ष्य था कि बिना किसी भेदभाव के गरीबों का कल्याण हो। उन्होंने बताया कि गरीब कल्याण योजना के बारे में ‘नमो ऐप’ पर डाटा उपलब्ध करा दिया गया। यहां से हर व्यक्ति गरीब कल्याण योजना के बारे में जानकारी कर सकता है।
देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का : सुरेश खन्ना
लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्न ने कहा कि सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के नारे को केन्द्र की मोदी सरकार ने चरितार्थ किया है। आज देश दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। नौ वर्षों में आम हिन्दुस्थानी भी महसूस कर रहा है कि देश का नेता मोदी जैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती थी कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है। मोदी सरकार ने काम करके यह सिद्ध कर दिखाया कि देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का है। नौ वर्षों में मोदी ने कोई व्यक्ति, कोई वर्ग और देश को कोई कोना ऐसा नहीं छोड़ा जिस क्षेत्र में काम न हुआ हो। मोदी सरकार अंत्योदय की भावना के अनुरूप काम कर रही है।
प्रेसवार्ता में महानगर अध्यक्ष एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डॉक्टर नीरज बोरा, एमएलसी रामचन्द्र प्रधान, मोहसिन रजा और उमेश द्विवेदी और महानगर महामंत्री रामअवतार कनौजिया, अंजनी श्रीवास्तव और रजनीश गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।