पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को जदयू मुख्यालय में नव मनोनीत प्रकोष्ठ अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में भावी रणनीतियों एवं प्रकोष्ठों की तैयारी पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए उमेश सिंह कुशवाहा ने सर्वप्रथम सभी नव मनोनीत प्रकोष्ठ अध्यक्षों को बधाई दी और कहा कि पार्टी ने आप सभी पर भरोसा करते हुए बड़ा दायित्व दिया है। आप सभी अपने-अपने प्रकोष्ठों की ठोस रणनीति और जिलावार कार्यक्रम तैयार कर सीधे लोगों के बीच जाएं और उनसे संवाद करें। हमलोगों का लक्ष्य आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 40 लोकसभा सीटों को जीतना है।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। केन्द्र की अघोषित तानाशाही के विरोध में सभी विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं और हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता की धुरी बनकर उभरे हैं। ऐसे में हमलोगों का दायित्व और भी बढ़ जाता है। सभी प्रकोष्ठों को न केवल पिछले 17 साल की उपलब्धियों को लोगों के बीच लेकर जाना है, बल्कि विपक्ष के दुष्प्रचार और अनर्गल बयानों का मजबूती से जवाब देना है।

राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सभी प्रकोष्ठ अपना कार्यक्रम इस तरह बनाएं कि उसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता हो। हमलोगों का कार्यक्रम लगातार चले और बूथ तक हमारी उपस्थिति रहे।

बैठक में राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष, ललन कुमार सर्राफ, राष्ट्रीय सचिव सह विधान पार्षद रवीन्द्र प्रसाद सिंह सहित पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के नव मनोनीत अध्यक्ष मौजूद रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version