-भोपाल से प्रधानमंत्री ने ’मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान का शुभारंभ किया,कार्यकर्ताओं में उत्साह
-वाराणसी में अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम का प्रसारण
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित नेहरू स्टेडियम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 10 लाख कार्यकर्ताओं से वर्चुअल जुड़े । प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए पार्टी के ’मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ अभियान का शुभारंभ भी किया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से वाराणसी में भी पार्टी कार्यकर्ता,पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अलग-अलग जगहों से जुड़े और उनका सम्बोधन सुना।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए दल से बड़ा देश है। जहां दल से बड़ा देश हो ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करने का मेरे लिए भी एक अवसर है। मैं भी बहुत उत्सुक हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री कोई बूथ कार्यकर्ता की सूचना पर ही सफल रणनीति बनाता है। हम भाजपा के वो कार्यकर्ता नहीं है। जो एसी में बैठकर पार्टी चलाते है। हम गांव.-गांव जाकर सर्दी और बारिश में हर मौसम में जनता के बीच खुद को खपाते है। इसके चलते उनका मजबूत होना स्वाभाविक है। बूथ कमेटी के चलते उज्जवला योजना का विचार हुआ। हमें गांव के कार्यकर्ता ने ही उज्जवला योजना के बारे में समझाया था। इसके बाद में नीति बनी और योजना घर. घर तक पहुंची।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भागीदारी के बाद प्रदेश के पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि भाजपा साल में 365 दिन जनता के बीच कार्य करती है। संगठन की रचना,संगठन के कार्य और कार्य विधि पर पार्टी लगातार काम करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक महामारी कोरोना काल में पार्टी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सेवा का संकल्प लेकर कार्य किया। आज मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान में प्रधानमंत्री को देशभर के कार्यकर्ताओं ने मंडल, शक्ति केन्द्र,बूथ स्तर पर सुना । भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एक.- एक व्यक्ति को पार्टी से जोड़ने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। प्रधानमंत्री ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से जुड़कर यह दिखाया है कि कैसे भारतीय जनता पार्टी अन्य राजनीतिक दलों से अलग है। भाजपा अपने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्मान देती है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को बताया गया कि वह कैसे जन.- जन तक केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जाएं । प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल गंगा नगर कालोनी भदऊ चुंगी स्थित कुशवाहा लान से कार्यकर्ताओं संग जुड़े।

इसी तरह राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल शहर उत्तरी कार्यालय गुलाब बाग कार्यालय, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु मातेश्वरी गेस्ट हाउस नई बस्ती लक्सा, महापौर अशोक तिवारी श्री विष्णु मंदिर अस्सी, शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी बड़ी पियरी स्थित बरनवाल धर्मशाला से कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम से जुड़े।

इसी क्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव बत्रा हाउस श्रीनगर कालोनी सिद्धि गिरी बाग, विधान परिषद सदस्य अशोक धवन जलहरेश्वर महादेव मंदिर, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय मुंशी प्रेमचंद ब्रिज इनक्लेव कालोनी में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version