खूंटी। नेहरू युवा केंद्र, रांची (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा बिरसा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जिला प्रशासन के सहयोग से बिरसा कॉलेज के बहुउद्वेशीय भवन में जिला युवा उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने किया। स्वागत भाषण में अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत सचान और बिरसा महाविद्यालय की प्राचार्या जेरमेन कुल्लू किडो और नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक रवींद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मुख्य अतिथि कड़िया मुंडा ने युवाओं की प्रतिभा को उल्लेख करते हुए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें तराशने की है।
उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा एवं कौशल के बल पर आज देश में रोजगार के विकल्प मौजूद हैं। परियोजना निदेशक आइटीडीए संजय कुमार भगत ने कहा कि युवक-युवतियों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा को निखारने का सतत् प्रयास करना चाहिए ताकि उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो। अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत सचान ने भी युवाओं को युवा उत्सव के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए भारत सरकार द्वारा चलाई जा रहीयोजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। युवा उत्सव में कृषि विभाग, कौशल विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी, ब्लॉकचेन, पोस्टल सर्विसेज, पर्यटन खेल एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल एनिमिया जांच कैंप स्टॉल लगाया गया था। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जिले के पर्यटन स्थलों एवं भगवान बिरसा मुंडा, मारंग गोमके जयपाल सिंह मुडा की जीवनी से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गयी थी।
कार्यक्रम के दौरान विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रभिागियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। आयोजित सांस्कृतिक लोकनृत्य में प्रथम स्थान बिरसा कॉलेज, खूंटी , द्वितीय स्थान तेलानी एंड ग्रुप, तृतीय स्थान कस्तूरबा बालिका विद्यालय, मुरहू को मिला। कविता लेखन में प्रथम स्थान बरीरा फिरोज, द्वितीय स्थान खुशी कुमारी, तृतीय स्थान मुस्कान कुमारी ने प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शिवम कुमार सिंह, द्वितीय स्थान तकिंदा मिस्कान, तृतीय स्थान प्रकाश टूटी को प्राप्त हुआ। फोटोग्राफी में प्रथम स्थान अतुल कुमार राम, द्वितीय स्थान रोहन कुमार सिंह, तृतीय स्थान रुस्तम कुमार को मिला। पेंटिंग कांटेस्ट में प्रथम स्थान आयुषी कुमारी, द्वितीय स्थान आशीष महतो, तृतिय स्थान सोमनाथ मुंडा को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो प्रदान किया गया।