रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज (गुरुवार) भिलाई सेक्टर-1 पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त उषा बारले से मुलाकात करेंगे। पंडवानी गायिका उषा बारले के घर के बाहर सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया है। उनके निवास का रंग रोगन व आसपास सफाई भी कराई गई है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वे भाजपा के टिकट पर अहिवारा विधानसभा या पाटन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतार सकती हैं। पद्मश्री पुरस्कार लेते वक्त उनके प्रस्तुतिकरण से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह काफी प्रभावित हुए थे। बाद में चर्चा थी कि वे आने वाले दिनों में भाजपा प्रवेश कर सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर जनसभा को संबोधित करने पहली बार दुर्ग जिला आ रहे हैं। वे पद्मश्री उषा बारले के भिलाई के सेक्टर 1 स्थित घर जाएंगे। जारी शेड्यूल के मुताबिक अमित शाह दोपहर 1.35 बजे हेलिकॉप्टर से जयंती स्टेडियम पहुंचेंगे और दोपहर 3.15 बजे मध्य प्रदेश के बालाघाट के लिए रवाना हो जाएंगे। वे यहां 1 घंटा 40 मिनट रुकेंगे। दुर्ग में अमित शाह के प्रवास को देखते हुए कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गए हैं। सभा में 500 से अधिक जवान तैनात रहेंगे।