-अरुणाचल में भगवा तूफान, सिक्किम में एसकेएम की आंधी
-पेमा खांडू की हैट्रिक, प्रेम सिंह तमांग ने विपक्ष का किया सफाया
आजाद सिपाही संवाददाता
इटानगर/गंगटोक। पूर्वोत्तर के दो राज्यों अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार को घोषित कर दिये गये। दोनों ही राज्यों में निवर्तमान सरकारों की वापसी हुई है। अरुणाचल प्रदेश में पेमा खांडू ने हैट्रिक जीत के साथ भगवा परचम लहराया है, जबकि सिक्किम में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) की आंधी में विपक्ष का सफाया हो गया है। वहां प्रेम सिंह तमांग लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। पेमा खांडू और प्रेम सिंह तमांग ने शाम को राजभवन जाकर राज्यपाल से भेंट की और सरकार बनाने का दावा किया।
अरुणाचल में 46 सीटों पर जीती भाजपा
अरुणाचल प्रदेश की 60 सीटों में से भाजपा ने 46 सीटों पर जीत हासिल की। इसके अलावा कांग्रेस को एक, एनपीपी को पांच और अन्य को आठ सीटों पर जीत मिलीं। 2019 के अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 41 सीटें जीतीं और पेमा खांडू फिर से मुख्यमंत्री बने। इससे पहले 2014 में हुए अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 42 सीटें जीती थी, जबकि भाजपा केवल 11 सीटें जीतने में सफल रही थी। पीपुल्स पार्टी आॅफ अरुणाचल (पीपीए) ने पांच सीटें जीती थीं, लेकिन प्रदेश में राजनीतिक उठापटक के बाद जुुलाई, 2016 में पेमा खांडू पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। अरुणाचल प्रदेश में कोई बड़ा क्षेत्रीय राजनीतिक दल नहीं है। यहां पर भाजपा और कांग्रेस दो बड़े दल हैं और इन्हीं के बीच लड़ाई होती है। हालांकि भाजपा ने राज्य की सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि कांग्रेस ने केवल 19 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे। भाजपा पहले ही बोमडिला, चौखम, ह्यूलियांग, इटानगर, मुक्तो, रोइंग, सागली, ताली, तालिहा और जीरो-हापोली सहित 10 सीटें निर्विरोध जीत चुकी है।
सिक्किम में विपक्ष को केवल एक सीट
सिक्किम की 32 सीटों में एसकेएम ने 31 सीटें जीतीं, जबकि एक सीट सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के खाते में गयी। एसकेएम ने 2019 में 24 साल पांच महीने और 15 दिन पुरानी एसडीएफ के मुख्यमंत्री पवन चामलिंग को हराया था। इस तरह से एसकेएम ने प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में सरकार बनायी थी। 2019 सिक्किम विधानसभा चुनाव में एसकेएम ने 17 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया था और प्रेम सिंह मुख्यमंत्री बने। एसडीएफ 15 सीटों पर सिमट गयी थी। 2014 के सिक्किम विधानसभा चुनाव में एसडीएफ ने 22 सीटें जीतीं और पवन कुमार चामलिंग लगातार पांचवीं बार सीएम बने थे।
तमांग ने जनता का जताया आभार
प्रचंड जीत के बाद सीएम प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि हम अगले पांच वर्षों में उन सभी वादों को पूरा करेंगे, जो हमने चुनाव के दौरान जनता से किये हैं। मैं अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने काफी कड़ी मेहनत की। मैं जनता को भी धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने राज्य में शांतिपूर्ण चुनाव में भागीदारी की। उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय स्तर पर एनडीए सरकार बनेगी। एनडीए चार सौ के आकड़े को पार करेगा।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के प्रमुख प्रेम सिंह तमांग को विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी की जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह सिक्किम की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिल कर काम करने के लिए उत्सुक हैं।