रांची। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सिरमटोली से मेकॉन तक बनने वाले फ्लाईओवर का कार्य सितंबर 2024 तक पूरा कर लेने का निर्देश दिया है। सोरेन गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ रांची के फ्लाई ओवरब्रिज और अन्य शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था से संबंधित कार्य प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमटोली फ्लाईओवर रांची शहर की ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने का एक बेहतर विकल्प है। इस फ्लाई ओवर निर्माण कार्य में किसी प्रकार से विलंब नही होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि रांची शहरवासियों को जल्द से जल्द ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलायी जाये। पूरे राज्य में यातायात नियंत्रण हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से सिरमटोली से मेकॉन तक बनने वाले फ्लाई ओवर की कार्य प्रगति की अद्यतन जानकारी रखी। विभागीय प्रधान सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सिरमटोली से मेकॉन तक बन रहे फ्लाई ओवर कार्य में दो स्थान पर केबुल स्टे पुल बनना है। इसके लिए रेलवे से सहयोग मांगा गया है। केबुल स्टे पुल बनने वाले दो स्थानों को छोड़ कर लगभग सभी कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं। केबुल स्टे पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए रांची रेल मंडल के डीआरएम ने सहयोग देने की बात कही है। रेलवे विभाग से निर्देश प्राप्त होते ही अतिरिक्त मानव बल लगा कर केबुल स्टे पुल निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। रांची रेल मंडल के डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि केबुल स्टे पुल निर्माण कार्य के लिए सितंबर माह तक पूर्ण हो सकेगा। सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रांची में इंटरनल रिंग रोड बनाने के प्रस्ताव पर कार्य प्रारंभ कर चुका है। इंटरनल रिंग रोड की लंबाई 52 किलोमीटर होगी।

रांची में बनेगा नौ फ्लाई ओवर
मुख्यमंत्री को विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि पूरे राज्य में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 12 फ्लाई ओवर का निर्माण किये जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सरायकेला में दाक और दुमका में एक फ्लाई ओवर बनाया जायेगा। वहीं बाकी सभी फ्लाई ओवर रांची में बनाये जाने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री को जानकारी दी गयी कि राज्य के दुमका, डाल्टनगंज, चाइबासा, गिरिडीह और जमशेदपुर में पथ निर्माण विभाग द्वारा बाइपास सड़क निर्माण का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। रांची के करमटोली से रिम्स होते हुए बूटी मोड़ तक और हिनू से बिरसा चौक होते हुए डीपीएस स्कूल तक फ्लाई ओवर निर्माण किये जाने का डीपीआर बनाया गया है। विभाग द्वारा इस योजना का पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल, डीआरएम रांची रेल मंडल जसमीत सिंह बिंद्रा, सहायक डाक महा अध्यक्ष रूपक कुमार सिन्हा, केके लाल, मनोहर कुमार सहित पथ निर्माण विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version