रांची। वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने राजधानी रांची के धुर्वा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में सोमवार को पूजा अर्चना की। आगामी रथ मेला की तैयारियों की समीक्षा भी की। मौके पर मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने भगवान जगन्नाथ से अच्छी बारिश के लिए भी प्रार्थना की है, ताकि किसानों सहित आम जन जीवन को भी राहत मिल सके। साथ ही कहा कि इस बार भी रथ मेला पुरानी परंपरा और भव्यता के साथ आयोजन हो रहा है। इसे लेकर सरकार की ओर से सभी आवश्यक सहयोग किया जायेगा। रथ यात्रा का धार्मिक महत्व के साथ-साथ सामाजिक-सांस्कृतिक महत्व भी है।
सात जुलाई को आयोजित रथ यात्रा सह मेला में राज्य के कोने-कोने से श्रद्धालु आयेंगे। मंत्री ने रथ मेला की तैयारियों को लेकर हो रहे कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि वे खुद पहली बार 1974 में जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल हुए थे। इसके बाद लगातार कई अवसरों और परिचितों के शादी विवाह कार्यक्रम में यहां आने का मौका मिलता रहा। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलरामए और सुभद्रा से राज्यवासियों की खुशहाली की कामना भी की।
पूजा अर्चना के बाद मंत्री रामेश्वर उरांव ने रथ यात्रा की तैयारी में लगे स्थानीय कारीगरों से भी मुलाकात की। हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। निर्माण हो रहे रथ के कार्यों पर भी संतोष जाहिर किया। मौके पर आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता ने भी विधिवत मंत्रोच्चार और विधि विधान से भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया।