दिल्ली। ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) सुप्रीमो सुदेश महतो ने नयी दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक से पहले सुदेश महतो ने इन नेताओं से मुलाकात की।

नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी जीत की सुदेश महतो ने दी बधाई
आजसू सुप्रीमो ने भाजपा संसदीय दल के नेता नरेंद्र मोदी को लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार एनडीए की जीत की बधाई दी। आजसू ने झारखंड में भाजपा के साथ मिल कर लोकसभा 2024 का चुनाव लड़ा था। भाजपा-आजसू गठबंधन ने इस बार झारखंड की 14 में से नौ लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की। आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं। वहीं, भाजपा के आठ नेता भी चुन कर संसद पहुंचे हैं।

लंबे समय से भाजपा की साथी रही है आजसू पार्टी
यहां बताना प्रासंगिक होगा कि आजसू पार्टी लंबे समय से भाजपा की साथी रही है। 90 के दशक में जब अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा आगे बढ़ रही थी, तब भी वह भाजपा के साथ थे। अलग झारखंड राज्य के मुद्दे पर भाजपा और आजसू साथ आये थे। हालांकि, वर्ष 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में कुछ मतभेदों के चलते आजसू ने भाजपा से किनारा कर लिया था, लेकिन, वर्ष 2024 के चुनाव में दोनों फिर से साथ आ गये।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version