-कुछ दिन और जेल में रखते तो दीया जला कर ढूंढ़ने पर भी नहीं मिलती भाजपा
रांची। हेमंत सोरेन ने शनिवार को कांके स्थित आवास मेें जेएमएम कार्यकर्ताओं को बारिश में भीगते हुए संबोधित किया। इस दौरान हेमंत सोरेन ने भाजपा पर हमला किया। कहा कि विरोधियों को डर था, इसलिए षडयंत्र कर जेल भेजा गया। लेकिन अब बदलाव देखने को मिलेगा। षडयंत्रकारियों को मुहंतोड़ जवाब दिया जायेगा। बहुमत होने के बाद भी अपने बेइमान सहयोगियों के साथ मिल कर वे सत्ता में काबिज हैं, लेकिन समय एक जैसा नहीं रहता। लोगों को एकजुट रहना होगा, जिससे समय आने पर षडयंत्रकारियों को जवाब दिया जा सके। हेमंत सोरेन ने कहा कि इस राज्य में झारखंडी का ही शासन रहेगा। आनेवाली पीढ़ी नौजवान, बहनों के लिए मार्ग प्रशस्त करना लक्ष्य है। षडयंत्रकारी षडयंत्र करते रहेंगे। उनका काम ही लोगों को बरगलाना है। 2024 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने षडयंत्रकारियों को लाठी मारी है। लेकिन इसे ये मान नहीं रहे हैं। कहा कि मुझे कुछ दिन और जेल में रखा जाता, तो दीया जला कर ढूंढ़ने पर भी बीजेपी का पता नहीं चलता। हेमंत ने बीजेपी को चुनौती देते हुए आगे कहा कि कल विधानसभा चुनाव की घोषणा करें। परसों झारखंड से बीजेपी का सफाया हो जायेगा।
संवैधानिक संस्थाओं को भाजपा ने मुट्ठी में किया
हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को मुट्ठी में कर लिया है, लेकिन देश में लोकतंत्र जिंदा है। सबसे बड़ी अदालत जनता की अदालत है और जनता ने जवाब दे दिया है। विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि राज्य में जल्द से जल्द विस चुनाव कराने की योजना बनायी जा रही है। ऐसे में केंद्र सरकार को चुनौती है कि चुनाव की घोषणा जल्द से जल्द करें।
बीजेपी के पाप का घड़ा भर गया
हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि कोरोना वैक्सीन का घोटाला, नीट घोटाला, दिल्ली में एयरपोर्ट टर्मिनल का गिरना, देश में हो रहीं ट्रेन दुर्घटनाएं महज संयोग नहीं हैं। ये सब, दरअसल बीजेपी के पाप का घड़ा फूटने के संकेत हैं।
जनता की अदालत पर भरोसा
पूर्व सीएम ने कहा कि यह झारखंड की ताकत है कि वे यानी बीजेपी के लोग आदिवासी को मुख्यमंत्री बना रहे हैं। लेकिन के बीजेपी के रबर स्टांप मुख्यमंत्री होते हैं। आकाओं के सामने उनका मुंह नहीं खुल पाता है। इसीलिए बीजेपी के शासन काल में स्थानीय, आदिवासी और मूलवासी मुद्दे दबे रह जाते हैं।
मुंगेरीलाल के हसीन सपने होंगे साबित
हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा ने सीरिंज से लोगों का खून चूस लिया है। कई ऐसे वीर शहीद हैं, जो हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। पूर्वजों के सपने को पूरा करने का काम करेंगे। कहा कि बीजेपी वाले विधानसभा जीत का जो सपना देख रहे हैं, वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने साबित होंगे। संबोधन के दौरान हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, सांसद कालीचरण मुंडा, कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, अनूप सिंह, राजेश कच्छप, सुप्रियो भट्टाचार्य, विनोद पांडेय समेत अन्य कई नेता मौजूद थे।
बिरसा मुंडा को किया नमन
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिन के करीब 3.25 बजे बिरसा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। इसके बाद हेमंत ने कार्यकर्ताओंं का अभिवादन किया। हेमंत सोरेन करीब 10 मिनट तक बिरसा चौक में रहे। इस दौरान उनकी एक झलक पाने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं का हुजूम पहुंचा था। हेमंत के जेल से बाहर आने की खुशी सभी के चेहरे पर साफ झलक रही थी। कार्यकर्ता काफी खुश और उत्साहित नजर आ रहे थे।