-कांग्रेस ने शहीद चौक से राजभवन तक किया विरोध मार्च
रांची। नीट परीक्षा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन के तहत शुक्रवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस के तत्वावधान में शहीद चौक से राजभवन तक विरोध मार्च निकाला गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता शहीद चौक से कचहरी चौक होते हुए राजभवन पहुंचे और सभा की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि देश में पिछले पांच सालों में 43 भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक हुए। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। केंद्र की भाजपा सरकार इन युवाओं को कुशल और सक्षम बनाने की जगह उन्हें कमजोर बना रही है। करोड़ों होनहार छात्र दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनके माता-पिता पेट काट कर पढ़ाई करा रहे हैं। ये आशा करते हैं कि वैकेंसी निकलेगी। वैकेंसी निकलती है और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा की तरफ से बार-बार यह दावा किया जा रहा है कि नरेंद्र मोदी ने रूस और यूक्रेन का युद्ध रोकवा दिया, लेकिन वह पेपर लीक नहीं रोकवा पा रहे हैं। पेपर लीक का सबसे बड़ा कारण है कि भाजपा ने पूरे सिस्टम को कैप्चर कर रखा है। इसलिए इसके तार भाजपा शासित राज्यों से जुड़े हुए हैं। जब तक सिस्टम दुरुस्त नहीं होगा, पेपर लीक चलता रहेगा, लेकिन कांग्रेस पार्टी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। कहा कि पेपर लीक मामले में देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अविलंब इस्तीफा देना चाहिए और नीट की परीक्षा रद्द करनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी परीक्षा पर चर्चा करते रहते हैं, लेकिन पेपर लीक पर कुछ नहीं बोलते हैं। राहुल गांधी ने न्याय की लड़ाई 11 हजार किमी पैदल चल कर पूरी की है और आगे भी लड़ाई लड़ते रहेंगे। आंदोलन को अंजाम तक पहुंचा कर रहेंगे।
सभा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक प्रदीप यादव, रामचंद्र सिंह, डॉ प्रदीप बलमुचू ने भी संबोधित किया। विरोध मार्च में प्रदीप तुलस्यान, भीम कुमार, सुल्तान अहमद, अमूल्य नीरज खलखो, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, राजीव रंजन प्रसाद, संजय लाल पासवान सहित कई नेता शामिल थे।