रांची। धोखाधड़ी मामले में फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल और शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह के बीच समझौता हुआ। डिस्ट्रिक्ट लेवल सर्विस ऑथॉरिटी में हुई सुनवाई में दोनों पक्ष अमीषा पटेल और अजय कुमार सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग से उपस्थित हुए। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में मामले का निष्पादन होना है। चेक बाउंस मामले में उक्त दोनों पक्षों के बीच पहले ही सुलह हो चुकी है।
9 मार्च को रांची सिविल कोर्ट में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अमीषा पटेल और शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह के बीच पांच किस्तों में पूरा पैसा 2.75 करोड़ रुपये लौटाने की शर्त पर समझौता हुआ था। अमीषा पटेल अब तक शिकायतकर्ता को 1.51 करोड़ रुपये दे चुकी है। 1.24 करोड़ रुपये देना अभी बाकी है। बता दें कि देसी मैजिक फिल्म बनाने के नाम पर अभिनेत्री अमीषा पटेल ने शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह से ढाई करोड़ रुपये लिये थे। पैसा वापस मांगने पर इस राशि को अमीषा पटेल ने वापस नहीं किया था। अमीषा का दिया हुआ चेक भी बाउंस हो गया था। इसे लेकर अजय कुमार सिंह ने अमीषा पटेल के खिलाफ साल 2018 में धोखाधड़ी और चेक बाउंस का केस दर्ज कराया था।