-विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की कवायद तेज
-केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान बने प्रदेश चुनाव प्रभारी
-असम के सीएम हिमंता बनाये गये सह प्रभारी
रांची। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी समय में झारखंड सहित महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश चुनाव प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। झारखंड के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए असम के सीएम हिमंता विश्व सरमा को प्रदेश चुनाव सह प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रदेश चुनाव प्रभारी और अश्विनी वैष्णव को सह प्रभारी बनाया गया है। हरियाणा के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव प्रभारी और सांसद बिप्लव कुमार देब को सह प्रभारी, जम्मू कश्मीर के लिए केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
बता दें कि पिछले दिनों संपन्न लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश भाजपा ने 14 लोकसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया था, पर उसे नौ सीटों पर ही जीत मिली। 2019 की अपेक्षा पार्टी को तीन सीटों का लॉस हो गया। एसटी के लिए आरक्षित पांच सीटों पर एनडीए गठबंधन हार गया। इसे देखते हुए अब भाजपा ने पहल की है और इस साल के आखिर तक झारखंड में होनेवाले विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में पार्टी ने प्रदेश चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी के लिए अपने दो मजबूत चेहरे को जिम्मेदारी दी है। शिवराज चौहान मध्य प्रदेश में लंबे समय तक सीएम रहे और अब केंद्रीय मंत्री हैं। असम के सीएम हिमंता भी बड़े चेहरे के तौर पर पहचान रखते हैं। पार्टी को उम्मीद है कि राज्य में सत्तारूढ दल झामुमो, कांग्रेस, राजद की सरकार को चुनाव में परास्त करने में शिवराज और हिमंता का अनुभव काम आयेगा। 2014 की तरह भाजपा फिर से सत्ता में आ सकेगी।
Beta feature