गिरिडीह। झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रविवार 29 जून को एक समारोह में जिले के लिए कई बड़़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी, महिला शिक्षा के लिए स्टेट ऑफ आर्ट सेंटर और इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने अलग-अलग बोर्ड से परीक्षा देने वाले अपने-अपने स्कूल के 10वीं और 12वीं के टॉपरों को सम्मानित किया। इसी दौरान उन्होंने घोषणा की कि गिरिडीह जिले के बच्चों को अब उच्च शिक्षा के लिए राजधानी रांची या हजारीबाग नहीं जाना होगा। उन्होंने कहा कि तीन साल में सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी बनकर तैयार हो जायेगी और गिरिडीह के बच्चे उस विश्वविद्यालय में पढ़ाई शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिला शिक्षा के क्षेत्र में एक अग्रणी जिला बनेगा। उनका भी सीना चौड़ा होगा, जब कोई रांची में कहे कि गिरिडीह का बच्चा स्टेट टॉपर बना है। मंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं के लिए जोगीटांड़ में 20 एकड़ के कैंपस में स्टेट ऑफ आर्ट सेंटर का निर्माण होगा, जिसमें बेटियां पढ़ाई कर पायेंगी। उन्होंने कहा कि तीन साल में गिरिडीह जिले में एक इंजीनियरिंग कॉलेज भी बनकर तैयार हो जायेगा। उन्होंने गिरिडीह में स्टेट ऑफ आर्ट लाइब्रेरी बनाने की भी बात कही। साल-डेढ़ साल में इसका निर्माण पूरा हो जायेगा और बच्चे यहां से नि:शुल्क किताबें ले सकेंगे, यहां पढ़ाई कर सकेंगे।

पर्यटन के क्षेत्र में भी अग्रणी होगा गिरिडीह
उच्च सिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यटन पर भी सरकार का ध्यान है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव के साथ उनकी पर्यटन पर बैठक है। गिरिडीह में कई पर्यटन क्षेत्र हैं, लेकिन आने वाले दिनों में इसे और कैसे विकसित किया जाये, अग्रणी पर्यटन क्षेत्र कैसे बनाया जाये, इस पर विचार होगा।

शिक्षा जीवन भर इंसान के साथ रहता है
उच्च शिक्षा मंत्री ने बच्चों को नसीहत दी कि वे पढ़ने के लिए किताब के आगे सिर झुकायें। जिंदगी भर उनका मस्तक ऊंचा रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन भर इंसान के साथ रहता है। इसलिए अगर जमाना रूठ भी जाये, तो कोई बात नहीं, अपनों को खुश रखिये।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version