रांची। रिम्स लैंड स्कैम मामले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नगर निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर रमन कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एजेंसी के अधिकारी रमन कुमार से पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, जमीन से जुड़े दस्तावेजों और ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच के सिलसिले में नगर निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर को एसीबी कार्यालय तलब किया गया है। एसीबी मामले से जुड़े अभिलेखों (रिकॉर्ड्स) का मिलान कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि दस्तावेजों में किसी प्रकार की हेराफेरी हुई थी या नहीं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रिम्स रांची की जमीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री, कब्जा करने के मामले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गत सात अप्रैल को जमीन दलाल सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपितों में रांची के ही सदर थाना क्षेत्र के दीपाटोली बांधगाड़ी का रहनेवाला राजकिशोर बड़ाईक , कार्तिक बड़ाईक, कोकर के आदर्श नगर में पावर सब स्टेशन के समीप रहने वाला राजेश कुमार झा तथा खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र के पाटपुर का रहने वाला चैतन कुमार शामिल है। आरोपितों पर गलत वंशावली बनाकर व्यक्तिगत फायदे के लिए रिम्स रांची की अधिग्रहित जमीन की धोखाधड़ी कर खरीद-बिक्री करने का आरोप है। झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर एसीबी की रांची स्थित थाना में पांच जनवरी को कांड संख्या 01/2026 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।



