रांची। रांची में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। राजधानी की ट्रैफिक पुलिस ने जनवरी से 10 जून तक यानी 160 दिनों में कुल 31.72 करोड़ रुपये के चालान वसूल किए हैं। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। इस अभियान से राज्य सरकार के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
रांची ट्रैफिक पुलिस शहर के विभिन्न क्षेत्रों जैसे जगन्नाथपुर, डोरंडा, चुटिया, डेली मार्केट, लालपुर, पंडरा, खेलगांव और गोंदा में रोजाना चेकिंग अभियान चला रही है। इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है, जिससे नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट और नो पार्किंग के मामलों में काटे गए हैं। केवल 10 दिनों के भीतर ही 17,896 वाहन चालकों पर बिना हेलमेट के और 12,890 मामलों में नो पार्किंग के तहत कार्रवाई की गई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि लापरवाही और नियमों की अनदेखी सड़क हादसों का बड़ा कारण बन रही है।
महीवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 60,034 चालानों से 5.63 करोड़ रुपये, फरवरी में 59,744 चालानों से 5.44 करोड़ रुपये, मार्च में 73,803 चालानों से 6.87 करोड़ रुपये, अप्रैल में 68,036 चालानों से 6.40 करोड़ रुपये, मई में 50,006 चालानों से 4.65 करोड़ रुपये और 10 जून तक जून माह में 34,255 चालानों से 2.70 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सख्त कार्रवाई के कारण सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव जैसे अभियानों से लोगों को अनुशासित करने में मदद मिली है, भले ही शुरुआत में कुछ लोगों को परेशानी होती हो, लेकिन इसका उद्देश्य उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने यह भी कहा है कि सड़क पर जाम की एक बड़ी वजह लोगों में सिविक सेंस की कमी है। कई बार वाहन चालक जल्दबाजी में गलत तरीके से गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होती है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
रांची ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें। नियमों का पालन न केवल कानूनी कार्रवाई से बचाता है, बल्कि सड़क पर सभी की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।
