खूंटी। खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र स्थित तिलमी जंगल में रविवार तड़के पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस कार्रवाई में संगठन का कुख्यात एरिया कमांडर श्रवण दास घायल हो गया, जबकि उसके दस्ते के पांच से छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के उग्रवादी तिलमी जंगल में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही जरियागढ़ और कर्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान शुरू किया। जंगल में पहुंचते ही उग्रवादियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने चार पिस्टल, कई देसी कट्टे और एक दर्जन से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक डायरी भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार डायरी में ठेकेदारों के मोबाइल नंबर, रंगदारी वसूली और संभावित वारदातों से जुड़ी अहम जानकारियां दर्ज हैं, जो संगठन के नेटवर्क को ध्वस्त करने में मददगार साबित हो सकती हैं।

श्रवण दास पर रेलवे निर्माण स्थलों पर फायरिंग, आगजनी और रंगदारी वसूली सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। घायल उग्रवादी को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस फरार उग्रवादियों की तलाश में अभियान चला रही है।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version