लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप धारण कर लिया। दो भाइयों के बीच हुई संघर्ष में बड़े भाई कामिल बेक (65) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सलोमी बेक और भतीजा निलेश बेक गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गुरुवार की रात पोटमाडीह निवासी कामिल बेक और उनके छोटे भाई पोलिकार्प बेक के बीच जमीन को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पोलिकार्प ने टांगी से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची कामिल की पत्नी सलोमी और बेटा निलेश पर भी आरोपित ने हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कामिल बेक को मृत घोषित कर दिया। सलोमी और निलेश की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर महुआडांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन संबंधी विवाद घटना का मुख्य कारण सामने आया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की तह तक जा रही है।



